लखनऊ : यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय ), पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय) सतर्कता, सहायक उप निरीक्षक (लिपिक), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) सतर्कता और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) सीधी भर्ती 2021 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कुल 1329 पदों के सापेक्ष 1157 पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है।
चयनित अभ्यर्थियों में 234 इंजीनियर भी शामिल हैं, जो बीटेक और बीई करने के बाद एसआई व एएसआई रैंक पर भर्ती हुए हैं। पात्र अभ्यर्थियों के उपलब्ध न होने के कारण कुछ पद रिक्त रखे गए हैं। भर्ती बोर्ड ने पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय) के 295, पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय) सतर्कता के 32, सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) के 624, पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) सतर्कता के 20 और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के 358 पदों (कुल 1329) के लिए चार और पांच दिसंबर 2021 को ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की थी।
1329 पदों के लिए 66,832 आवेदन मिले थे। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के एडीजी डीके ठाकुर ने बताया कि इस भर्ती में शासन द्वारा तय आरक्षण के नियमों का पालन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में सबसे अधिक 137 अभ्यर्थी मुरादाबाद मंडल के हैं। इसके बाद 131 अभ्यर्थी लखनऊ मंडल के शामिल हैं। लखनऊ जिले से 70 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। वहीं सबसे कम 18 अभ्यर्थियों का चयन देवीपाटन मंडल से हुआ है।
उन्होंने बताया कि भर्ती बोर्ड ने लिपिक संवर्ग में नए 545 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा भी पुलिस के विभिन्न पदों पर करीब 40 हजार भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
![]() |
No comments:
Post a Comment