यूपी चुनाव से पहले निकलेगी एक और नई बड़ी शिक्षक भर्ती, यूपीएसईएसएसबी में मांगी रिक्त पदों की जानकारी - updatesbit

Career, Job and Money Tips

Post Top Ad

यूपी चुनाव से पहले निकलेगी एक और नई बड़ी शिक्षक भर्ती, यूपीएसईएसएसबी में मांगी रिक्त पदों की जानकारी

 उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की अधिसूचना से पहले


सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक, प्रवक्ता और प्रधानाचार्यों की एक और भर्ती शुरू होने जा रही है।

 उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र लिखकर तीन से 12 दिसंबर तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से रिक्त पदों की जानकारी (अधियाचन) अपलोड करने का निर्देश दिया है।

अधियाचन भेजने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 8468007598 भी जारी किया गया है। 

खास तौर से सलाह दी गई है कि ध्यानपूर्वक परीक्षण के बाद सत्यापित अधियाचन ही भेजा जाए। साथ ही यह सुनिश्चित कर लें कि जनपद से भेजे गए रिक्त पदों के अलावा कोई और पद रिक्त नहीं है।

 इस बाबत एक प्रमाण पत्र भी चयन बोर्ड को देना होगा। ताकि आगे चलकर अगर कोई जानकारी गलत निकलती है तो उसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ही जिम्मेदार हों।

माना जा रहा है कि पोर्टल खुलने के एक महीने के भीतर प्रदेशभर के 4500 से अधिक एडेड कॉलेजों में रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। चयन बोर्ड ने जुलाई 2016 के चार साल बाद 29 अक्तूबर 2020 को 15,508 शिक्षकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था।

हालांकि कानूनी अड़चनों से उसे निरस्त करते हुए 15 मार्च 2021 को दोबारा 15,198 पदों की भर्ती शुरू की गई। सु्प्रीम कोर्ट ने यह भर्ती 31 अक्तूबर 2021 तक पूरी करने के आदेश दिए थे। 

इस भर्ती के लिए अक्तूबर 2019 तक रिक्त पदों की सूचना मांगी गई थी। इसके बाद से दो साल का समय बीत चुका है। अब 31 मार्च 2022 तक सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों के रिक्त पदों की सूचना मांगी गई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नवंबर 2019 से 31 मार्च 2022 तक कितने पद रिक्त  होंगे।

आठ साल बाद प्रधानाचार्य भर्ती के आसार

नई शिक्षक भर्ती में प्रधानाचार्य का चयन भी किया जाएगा। चयन बोर्ड ने 2013 के बाद से प्रधानाचार्य भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया है जबकि एडेड कॉलेजों में प्रधानाचार्यों की काफी कमी है।

 दो साल पहले चयन बोर्ड ने जो अधियाचन मांगा था, उसी में 1453 पद खाली थे। इसके बाद काफी संख्या में प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad